हरिद्वार की पूर्व मेयर अनिता शर्मा के पति और कांग्रेस के सीनियर नेता अशोक शर्मा के हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल अशोका पर आज जीएसटी विभाग ने छापेमारी की। जीएसटी की टीम ने अनेक रजिस्टर एवं दस्तावेज कब्जे में लिए हैं और उनकी पड़ताल की जा रही है।आज सुबह अचानक पुलिस और जीएसटी विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ होटल अशोका पहुंची जीएसटी विभाग की टीम ने सभी कर्मचारियों को एक तरफ कर होटल के रजिस्टर और जरुरी कागजात कब्जे में ले लिए और होटल का निरीक्षण किया उसके बाद कर्मचारियों से पूछताछ की साथ ही होटल के रजिस्टर आदि का मिलान व कागजों की जांच शुरू कर दी। हालांकि दो घण्टे की जांच में टीम को कुछ मिला या नहीं ये अभी साफ नहीं है।उधर अशोक शर्मा ने इस कार्रवाई को सरकार के इशारे पर दुर्भावना से की गई कार्रवाई बताया है। उन्होंने कहा वह सभी कार्य इमानदारी से करते हैं।वह पिछले कुछ समय से सरकार की कमियों को उजागर कर रहे थे, जिसके कारण उन्हें निशाना बनाया गया है।