बारूद की गंध पहचानने वाला प्रहरी आज खामोश जरूर हुआ, लेकिन उसकी सेवाएं हमेशा याद रहेंगी

हरिद्वार

 

हरिद्वार पुलिस परिवार के लिए आज का दिन भावुक क्षणों से भरा रहा। पुलिस लाइन रोशनाबाद में पुलिस विभाग के प्रशिक्षित श्वान “रॉक्सी” को पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। रॉक्सी ने अपने सेवाकाल के दौरान कुंभ मेला, कांवड़ मेला तथा हरिद्वार में होने वाले बड़े मेलो व नियमित हरकी पैड़ी तथा पुरानी कलियर चैकिंग में विस्फोटक एवं बारूदी पदार्थों की जानकारी जुटाने में विशेष दक्षता प्रदर्शित करते हुए अनेक महत्वपूर्ण ड्यूटियों में अपनी उपयोगिता सिद्ध की।

लगभग 12 वर्ष की आयु तक रॉक्सी ने पुलिस विभाग में पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं सतर्कता के साथ अपनी सेवाएं दीं। सुरक्षा अभियानों, वीआईपी ड्यूटी, चेकिंग अभियानों एवं संवेदनशील आयोजनों में रॉक्सी की भूमिका सराहनीय रही।

अंतिम सलामी कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन BDS स्टाफ़ एवं कर्मचारियों ने रॉक्सी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उसकी सेवाओं को याद किया।

उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि पुलिस श्वान केवल सुरक्षा का माध्यम नहीं बल्कि पुलिस परिवार के अभिन्न सदस्य होते हैं, जो हर परिस्थिति में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।

हरिद्वार पुलिस द्वारा रॉक्सी की सेवाओं को सदैव सम्मान एवं गर्व के साथ याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *